जालंधर:-(मनदीप कौर)- शहर के किशनपुरा इलाके में सोमवार सुबह एक घर में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घर के मंदिर में चल रहे पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/petrol-diesel-price-hike-new-rates/
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। आग के दौरान घर में रखा सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया, जिससे मौके पर मौजूद करीब 5 लोग झुलस गए। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
परिवार के सदस्य सुदर्शन कुमार ने बताया कि सुबह घर से बाहर निकलते समय उन्हें मंदिर की तरफ धुआं दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सिलेंडर फटने से स्थिति और गंभीर हो गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर अधिकारी रविंदर सिंह ने बताया कि संकरी गलियों और नीचे लटक रही बिजली की तारों के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत हुई। इसके बावजूद टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
एसएसआई सेवा सिंह ने बताया कि घटना में घर का लगभग पूरा सामान जल गया है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

