जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के बस्ती दानिशमंदा इलाके में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने दूसरे के घर और दुकान में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में महिला समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि महिला के साथ बदसलूकी भी की और इलाके में दहशत का माहौल बना दिया। परिवार का कहना है कि उन्होंने विवाद को शांत करने की कोशिश की थी, लेकिन दूसरे पक्ष ने बात बढ़ा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

