लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाबी सिंगर काशीनाथ समेत तीन लोगों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि सिंगर काशीनाथ ने लाइव स्टेज शो के दौरान हिंदू देवी-देवताओं और धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इन वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
शिवसेना नेता की शिकायत पर हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय चेयरमैन राजीव टंडन की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। राजीव टंडन ने 1 अक्टूबर को पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि वीडियो में काशीनाथ माता पार्वती और भगवान गणेश को लेकर विवादित टिप्पणियां कर रहे हैं। शिकायत में ‘दल पंथ बाबा बुड्ढा दल’ फेसबुक पेज पर प्रताप सिंह द्वारा अपलोड किए गए एक अन्य वीडियो का भी जिक्र किया गया है।
BNS की धारा 299 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत मुकदमा नंबर 315 दर्ज किया है। शिकायत में भगवान हनुमान और हिंदू धर्म के खिलाफ कथित आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा ‘अकालगतीआ’ फेसबुक पेज पर भी विवादित वीडियो साझा किए जाने का जिक्र है।
फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं
मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को दर्ज मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच हवलदार मनदीप सिंह कर रहे हैं। पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों और वीडियो से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पहले भी सुर्खियों में आ चुके हैं काशीनाथ
बताया जाता है कि काशीनाथ पिछले साल 10 तोले सोने का कड़ा लूटने के मामले को लेकर भी सुर्खियों में आए थे। उनका जन्म हरियाणा के कैथल में हुआ था और फिलहाल वह मोहाली में रहते हैं। अब धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपों से जुड़ा मामला उनके लिए नई कानूनी मुश्किलें खड़ी कर सकता है।

