मोगा -(मनदीप कौर)- पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली की तैयारियों के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पार्टी के 14वें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित होने वाली रैली से पहले कार्यक्रम स्थल पर अचानक कॉफी मशीन में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में मशीन का एक हिस्सा वहां काम कर रहे मजदूर के सिर पर जा लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मशीन में दबाव बढ़ने से हुआ धमाका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रैली की तैयारियों के दौरान कॉफी मशीन में अचानक अधिक दबाव बन गया, जिसके कारण जोरदार धमाका हुआ। मशीन का एक हिस्सा टूटकर वहां काम कर रहे व्यक्ति के सिर पर जा लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
AAP के स्थापना दिवस पर होना था बड़ा कार्यक्रम
आम आदमी पार्टी के 14वें स्थापना दिवस के मौके पर मोगा में ‘खुशहाल पंजाब महारैली’ आयोजित की जा रही है। इस दौरान पंजाब सरकार की ओर से स्मार्ट राशन कार्ड वितरित करने के लिए भी बड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाना था।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया सहित पार्टी की पूरी लीडरशिप के शामिल होने की संभावना जताई गई थी।
कार्यक्रम स्थल पर बना चिंता का माहौल
हादसे की खबर सामने आते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में चिंता का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी में एक अन्य युवक के गंभीर रूप से घायल होने और उसे अस्पताल में भर्ती करवाए जाने की बात भी सामने आई है। हादसे से जुड़े अन्य विवरण और मृतक की पहचान सामने आना अभी बाकी है।

