लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना के शिमलापुरी इलाके में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी के मायके वालों पर जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि खुद को निहंग बताने वाले जसपाल सिंह ने अपने ससुर, साले और परिवार की महिला सदस्य पर बरछे से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी के छोटे भाई के हाथ पर गहरा घाव आया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। पूरी वारदात की CCTV फुटेज भी सामने आई है।
शादी के बाद शुरू हुआ विवाद, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित परिवार के मुताबिक, करीब 10 साल पहले अखबार में विज्ञापन के जरिए जसपाल सिंह के साथ शादी हुई थी। पत्नी सतिंदर कौर का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि जसपाल की यह तीसरी शादी थी और वह पहले भी दो पत्नियों को छोड़ चुका था। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज और पैसों को लेकर मारपीट शुरू हो गई थी।
पहले सिलाई का काम करता था जसपाल, बाद में धारण किया निहंग बाणा
पत्नी के मुताबिक, शादी के समय जसपाल सिंह सिलाई का काम करता था और निहंग नहीं था। करीब 4-5 साल पहले उसने निहंग बाणा धारण किया। पत्नी ने आरोप लगाया कि वह इस बाणे का इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने और दबंगई दिखाने के लिए करता था। पीड़ित परिवार के अनुसार, जसपाल ने शादी में मिला सामान भी तोड़फोड़ कर बेच दिया था।
परिजनों से मिलने को लेकर बढ़ा विवाद
सतिंदर कौर ने बताया कि उसका भाई बीमार था, जिसके चलते वह अपनी सास को बताकर मायके चली गई थी। हालांकि, उसका आरोप है कि ससुराल वाले उसे मायके के परिजनों से मिलने-जुलने नहीं देते थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
परिवार के पहुंचते ही बरछे से हमला करने का आरोप
पीड़ित पिता अमृतपाल सिंह के मुताबिक, वह अपने छोटे बेटे और अन्य परिजनों के साथ एक दोस्त की गाड़ी में मोरिंडा से लुधियाना पहुंचे थे। आरोप है कि जब वे जसपाल सिंह से बातचीत करने पहुंचे तो वह पहले से ही हथियार लेकर तैयार बैठा था।
परिजनों के पहुंचते ही जसपाल सिंह ने उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान सतिंदर कौर के छोटे भाई के हाथ पर बरछे से गहरा वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बचाव करने आए अमृतपाल सिंह और परिवार की एक महिला सदस्य पर भी हमला किया गया, जिससे महिला की बांह पर चोट आई।
परिवार का आरोप है कि हमले के दौरान मोबाइल फोन तोड़ दिए गए और जिस गाड़ी में वे पहुंचे थे, उसमें भी बरछे मारकर तोड़फोड़ की गई। अधिक खून बहने के कारण घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
इस घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर आरोपी का चेहरा और वारदात के दौरान की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। पीड़ित पत्नी ने अपने पति पर नकली निहंग होने और बाणे की आड़ में गुंडागर्दी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस कार्रवाई पर भी परिवार ने उठाए सवाल
पीड़ित परिवार ने पुलिस थाना डाबा की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। परिवार का कहना है कि वे पहले भी कई बार थाने के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। अब पीड़ित परिवार ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

