जालंधर -(मनदीप कौर)- बस्ती इलाके में खास मंडी चौक के पास स्थित दशहरा ग्राउंड में कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर नशा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक मैदान में बैठकर नशे का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने युवकों का वीडियो बनाया और उनका विरोध किया। बताया जा रहा है कि दशहरा ग्राउंड प्रबंधक कमेटी के कुछ सदस्यों ने भी युवकों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की और दोबारा ऐसी गतिविधि न करने की चेतावनी दी। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़े:-अजनाला में पुलिस मुठभेड़, गोलीबारी में आरोपी करनबीर सिंह की मौत
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले भी इसी जगह नशे से जुड़ी एक घटना में एक युवक की मौत होने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद दशहरा ग्राउंड में नशे से जुड़ी गतिविधियों को लेकर लोगों में रोष है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से दशहरा ग्राउंड में नशे की गतिविधियों पर रोक लगाने और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान और मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।

