लुधियाना -(मनदीप कौर)- थाना 5 के अधीन आते इलाके में मंगलवार को गोली चलने की घटना सामने आने के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना में मुल्लांपुर दाखा निवासी जसप्रीत सिंह गोली लगने से घायल हो गया। उसके बाजू में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जानकारी के अनुसार घटना करीब सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

निर्माणाधीन मकान में घुसने की बात सामने आई
पुलिस जांच में सामने आया कि जसप्रीत सिंह कथित तौर पर दीवार फांदकर एक निर्माणाधीन मकान में दाखिल हुआ था। बताया जा रहा है कि वह वहां तारें चुराने के लिए आया था।
यह भी पढ़े:-मणि शौकर को कोर्ट से 3 दिन का पुलिस रिमांड, 5 पिस्टल और 5 कारतूस बरामद
इसी दौरान मकान के गनमैन मनजीत सिंह द्वारा उस पर दातर से हमला करने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद गनमैन द्वारा फायर किए जाने की जानकारी है, जिसमें एक गोली जसप्रीत सिंह के बाजू में लगी।
घायल की हालत खतरे से बाहर
गोली लगने के बाद जसप्रीत सिंह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली उसके बाजू में फंसी हुई है और उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मौके से कटी हुई तारों समेत अन्य सामान बरामद होने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल गोली चलने की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

