फिरोजपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब में स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिलने का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है। फिरोजपुर के एक सरकारी स्कूल की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में 30 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जालंधर दौरे का भी जिक्र किया गया था। ई-मेल में कथित तौर पर जान-माल को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। संदेश में कुछ संगठनों के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया गया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़े:-Anoop Nagar में 24 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप, मौके पर मिले नशे के इंजेक्शन
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल परिसर की गहन तलाशी ली गई और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। ई-मेल किस आईडी से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, इसकी जांच की जा रही है। साइबर टीम भी ई-मेल के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि धमकी के पीछे वास्तविक खतरा था या यह महज अफवाह/फर्जी धमकी थी।

