जालंधर -(मनदीप कौर)- जिमखाना क्लब में आयोजित ‘राधे श्याम भजन संध्या’ को लेकर विवाद सामने आया है। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक भजन की प्रस्तुति के तरीके को लेकर सवाल उठाए गए हैं। मामले को लेकर हरजिंदर सिंह जिंदा की ओर से पुलिस कमिश्नर को मांग-पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार जिमखाना क्लब की नई टीम की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान गायक अंगद तलवाड़ द्वारा भजन प्रस्तुत किए गए। आरोप है कि भजन संध्या के दौरान गुरु ग्रंथ साहिब की बाणी के शब्दों का उच्चारण करते हुए लोगों को नचाने के लिए गीत शुरू किए गए।

यह भी पढ़े:- लुधियाना में गोली चलने से मचा हड़कंप, व्यक्ति के बाजू में लगी गोली; पुलिस जांच में जुटी
इस मामले को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा गया कि धार्मिक भजन की प्रस्तुति के दौरान इस तरह की गतिविधि से धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं। मामले को लेकर पहले भी शिकायतें होने का दावा किया गया है।
पुलिस कमिश्नर से कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर हरजिंदर सिंह जिंदा पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और मांग-पत्र सौंपा। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल गायक सहित संबंधित कमेटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हरजिंदर सिंह जिंदा ने कहा कि धार्मिक शब्दों और भजन की प्रस्तुति को लेकर आपत्ति जताई गई है। उन्होंने ‘जादूगर शब्द’ और आशिकी के गीत गाने को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि वह इससे पहले भी धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में विरोध दर्ज करवा चुके हैं। उनके मुताबिक जालंधर के जीरकपुर से जुड़े एक पुराने मामले में भी विरोध के बाद कार्रवाई की गई थी।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस को मांग-पत्र दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस की ओर से मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

