जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर बस स्टैंड के पास एक युवक से कथित तौर पर दो फर्जी पुलिसकर्मियों द्वारा सोने का कड़ा छीनने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में शहर के एक ज्वेलर को कड़ा बेचने की बात भी सामने आने की जानकारी दी गई है।
शिकायत के अनुसार, 21 वर्षीय गुरनूर सिंह दोस्तों के साथ पार्टी के बाद एक ढाबे पर गया था। वहां कर्मचारियों के साथ उसका विवाद हो गया। इसके बाद गुरनूर वहां से निकल गया। आरोप है कि रास्ते में पुलिस की वर्दी पहने दो बाइक सवार युवकों ने उसे रोक लिया।

यह भी पढ़े -लुधियाना में चलती Swift कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान
आरोप है कि दोनों युवकों ने उसे धमकाते हुए पैसे की मांग की। इस दौरान उनकी नजर गुरनूर के हाथ में पहने सोने के कड़े पर पड़ी और कथित तौर पर उन्होंने 40 ग्राम का सोने का कड़ा ले लिया। इसके बाद दोनों उसे नामदेव चौक के पास छोड़कर चले गए।
कुछ दिन बाद मीडिया में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर सामने आने पर गुरनूर को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर सोने का कड़ा छीने जाने की शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस जांच में दोनों आरोपियों की पहचान करनवीर सिंह और अमनपाल सिंह के रूप में होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दोनों खुद को पुलिसकर्मी बताकर वारदात करते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर शहर के एक मशहूर ज्वेलर को कड़ा बेचने की बात बताई, जिसके बाद पुलिस ने ज्वेलर को लेकर भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

