लुधियाना:- ( मनदीप कौर)- सीमा चौक और सोफिया चौक के बीच जनकपुरी पुलिस चौकी के पास गुरुवार रात चलती Swift कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में कार जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, कार चालक आशु, जो हरगोबिंद नगर का रहने वाला बताया जा रहा है, किसी जरूरी काम से सीमा चौक की तरफ जा रहा था। जनकपुरी पुलिस चौकी के पास पहुंचते ही अचानक कार के बोनट से आग की लपटें उठने लगीं।

यह भी पढ़े:-लुधियाना में दिन-दहाड़े व्यक्ति से ₹10 हजार, ATM कार्ड छीना; बाइक सवार फरार
आग लगते ही आशु ने तुरंत कार से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। घटना के बाद एक ऑटो सवार राहगीर ने भी अपनी गाड़ी में रखे फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
चालक आशु के अनुसार, आग लगने के बाद जब वह कार से बाहर निकला तो उसका मोबाइल फोन भी कार के पास गिर गया था। बाद में किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल उठाए जाने की बात सामने आई है।
आशु ने बताया कि उसकी कार 2019 मॉडल की डीजल Swift है। फिलहाल पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

