जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के आदमपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रजत, निवासी चूड़वाली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी बहन को स्कूल से लेने के लिए आया था, इसी दौरान दो बसों के ओवरटेक करने के दौरान वह हादसे की चपेट में आ गया।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब दो बसें एक-दूसरे को ओवरटेक कर रही थीं। इसी दौरान युवक बस की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।

बहन को स्कूल से लेने आया था युवक
जानकारी के अनुसार मृतक युवक चूड़वाली स्कूल में पढ़ता था और अपनी बहन को स्कूल से लेने के लिए आया था। परिवार के अनुसार वह उनका इकलौता बेटा था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
यह भी पढ़े:-घर में घुसकर 20-25 युवकों ने की तोड़फोड़, परिवार पर हमले के आरोप
घटना के बाद गुस्साए लोगों और परिजनों ने सड़क पर धरना लगाकर जाम कर दिया और बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हादसे के बाद बस चालक फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने बस के कंडक्टर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया है और कंडक्टर को थाने ले जाया गया है। वहीं चालक की तलाश की जा रही है।
सड़क खराब होने की भी जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के पीछे सड़क की खराब स्थिति भी एक कारण हो सकती है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।

