जालंधर -(मनदीप कौर )- जालंधर वेस्ट हलके के गुरजंट नगर की गली नंबर 5 में कथित तौर पर कुछ युवकों द्वारा घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को दी गई है।
पीड़ित नवाजिश अली के अनुसार, वह एक युवक को जानता है। आरोप है कि इसी युवक के साथ करीब 20 से 25 युवक घर में घुस आए और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की।

बाथरूम में छिपकर बचाई जान
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों से बचने के लिए परिवार के एक युवक ने बाथरूम में छिपकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। हमले के दौरान दरवाजे की लकड़ी और कब्जे तक टूट गए।
यह भी पढ़े:-जालंधर में तेज रफ्तार ट्राला ने खड़े कैंटर को मारी टक्कर, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी मिली। मौके पर नवाजिश अली ने कुछ अज्ञात और कुछ परिचित लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
₹2 हजार के लेन-देन का भी जिक्र
प्रारंभिक बातचीत में करीब 2 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। पीड़ित का आरोप है कि युवक ने घर पर आकर उसके साथ थप्पड़ मारा और इसके बाद घर में तोड़फोड़ की गई।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि घर में कितना नुकसान हुआ है और कोई सामान गायब हुआ है या नहीं, यह पीड़ित की लिखित शिकायत मिलने के बाद पूरी तरह स्पष्ट होगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों और पहचान की पुष्टि करने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस ने कहा है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

