तरनतारन: -(मनदीप कौर)- पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी हलके में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच अश्वनी देवगन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गांव तूत के बस स्टैंड के पास हुई, जहां बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग की। हमले में उनके साथ मौजूद ड्राइवर चमकौर सिंह भी घायल हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट

हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें कुछ लोगों के नाम लिखकर वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट की प्रामाणिकता और इसमें किए गए दावों की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पोस्ट किसने डाली और हत्या से इसका कोई वास्तविक संबंध है या नहीं।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर बाइक पर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस हत्या के पीछे के मकसद और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है।

