हरियाणा -(मनदीप कौर)- हरियाणा के पंचकूला में देर रात गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पास पुलिस और बाइक सवार दो युवकों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों युवक घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सेक्टर-6 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-3 के पास नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से पांच गोलियां चलाईं।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान दोनों युवकों के पैरों में गोलियां लगीं और वे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। खबर के अनुसार, एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जबकि दूसरी सरकारी गाड़ी में लगी।
अमृतसर के रहने वाले बताए जा रहे दोनों युवक
घायल युवकों की पहचान अर्शदीप सिंह और जगराज सिंह के रूप में बताई गई है। दोनों पंजाब के अमृतसर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई और आरजू बिश्नोई गैंग से है और वे कथित तौर पर ट्राइसिटी में किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे थे।
दो पिस्तौल बरामद होने की बात
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से दो पिस्तौल बरामद होने की बात सामने आई है। सेक्टर-20 थाने में मामला दर्ज कर पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, हथियारों के स्रोत और उनके संभावित निशाने का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल, आरोपियों के कथित गैंग कनेक्शन और किसी वारदात की योजना से जुड़े दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस जांच के आगे बढ़ने के साथ मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

