संगरूर -( मनदीप कौर)- पंजाब के संगरूर जिले में स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यालय पर आधी रात को पेट्रोल बम से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उभावाल रोड स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर दो अज्ञात युवकों ने ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल फेंकी और मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
आधी रात को बाइक सवार युवकों ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 1:45 बजे से 2:30 बजे के बीच हुई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक BJP कार्यालय के बाहर पहुंचे और कार्यालय की दीवार की ओर पेट्रोल से भरी बोतल फेंक दी। बोतल दीवार से टकराकर नीचे गिर गई और टूट गई, जिससे आग सीमित क्षेत्र तक ही रही और कार्यालय के अंदर कोई नुकसान नहीं पहुंचा। वारदात के बाद दोनों आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-10-gram-heroin-smuggler-arrested-adampur/
सुबह सफाई कर्मचारी को चला घटना का पता
घटना की जानकारी सुबह उस समय मिली जब कार्यालय का सफाई कर्मचारी रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचा। उसने कार्यालय के बाहर टूटे हुए कांच के टुकड़े और आग के निशान देखे। इसके बाद तुरंत पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाली जा रही

सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार्यालय और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके अलावा DVR और अन्य महत्वपूर्ण सबूत भी अपने कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
SSP डॉ. रवजोत कौर ने क्या कहा?
एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद उभावाल रोड और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की तलाश के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है।

