अमृतसर -(मनदीप कौर)- पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, आधुनिक हथियार और ड्रग्स से जुड़ी नकदी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के सीधे संपर्क में थे, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी करवाने में सक्रिय था।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/patiala-jail-prisoner-clash-ajay-death-ndps/
पुलिस के अनुसार आरोपियों से एक किलो हेरोइन, एक किलो अफीम, दो आधुनिक पिस्तौल, मैगजीन और 10 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। बरामद हथियारों और नशीले पदार्थों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि यह नेटवर्क सीमापार बैठे तस्करों और विदेशी हैंडलरों से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने, फंडिंग और अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है।
इस मामले में अमृतसर के छेहरटा और कैंटोनमेंट पुलिस थानों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि राज्य में नशा और अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

