बरगढ़: -(मनदीप कौर)- ओडिशा के बरगढ़ जिले में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए स्कूटी खरीदने पहुंचे एक नाबालिग के पास से ₹45 हजार के कथित नकली नोट मिलने का मामला सामने आया है। नोटों की गड्डी सामान्य से ज्यादा मोटी नजर आने पर स्कूटर मालिक को शक हुआ, जिसके बाद बैंक में जांच कराई गई और नकली नोट होने की जानकारी सामने आई।
जानकारी के अनुसार, बरगढ़ निवासी स्वागत साहू ने अपनी Ola S1 Pro स्कूटर बेचने के लिए 11 सितंबर को OLX पर विज्ञापन डाला था। इसके बाद एक व्यक्ति ने WhatsApp के जरिए उनसे संपर्क किया और स्कूटर का सौदा ₹45 हजार में तय हुआ।

यह भी पढ़े:- लुधियाना पुलिस का बड़ा अभियान, 5 जगहों पर नाके; किरायेदारों की वेरिफिकेशन तेज
सौदा पूरा करने के लिए खरीदार बरगढ़ पहुंचा और ऑनलाइन भुगतान करने के बजाय ₹45 हजार नकद दिए। विक्रेता ने जब नोटों की गड्डी देखी तो उसकी मोटाई सामान्य से अधिक लगी। उन्हें नोटों पर शक हुआ और उन्होंने रकम की जांच कराने के लिए बैंक का रुख किया।
बैंक में जांच के बाद रकम के नकली होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद विक्रेता ने पुलिस को सूचना दी। बरगढ़ टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को हिरासत में लेकर कथित नकली नोट जब्त किए।
रिपोर्टों के अनुसार, जब्त रकम में ₹500, ₹200 और ₹100 के नोट शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये नकली नोट नाबालिग तक कैसे पहुंचे और क्या इस मामले में उसके अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी है। ॐ
पुलिस मामले के संभावित नेटवर्क और नकली नोटों के स्रोत की जांच कर रही है। नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

