लुधियाना -(मनदीप कौर)- त्योहारी सीजन करीब आते ही लुधियाना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस कमिश्नर के दिशा-निर्देशों के तहत शहर और बाहरी इलाकों में नाकेबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही किरायेदारों की वेरिफिकेशन का काम भी शुरू किया गया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक संबंधित सब-डिवीजन में कुल 5 नाके लगाए गए हैं। इनमें सराभा नगर, PAU, हैबोवाल और लाडोवाल समेत प्रमुख स्थान शामिल हैं। नाकों पर पुलिस की अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़े:- जालंधर में डेढ़ साल की बच्ची को कार ने कुचला, इलाज के दौरान मौत; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
इसके अलावा 3 अलग-अलग टीमें किरायेदारों की वेरिफिकेशन के लिए फील्ड में उतारी गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार प्रत्येक नाके पर 4 से 6 पुलिसकर्मी और चेकिंग टीमों में करीब 8 से 10 पुलिस मुलाजिम तैनात किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बार दूसरे इलाकों या राज्यों से आकर रहने वाले किरायेदारों की पिछली जानकारी आसानी से उपलब्ध नहीं होती। ऐसे में पुलिस वेरिफिकेशन के जरिए उनके पते, पहचान और बैकग्राउंड से जुड़ी जानकारी को रिकॉर्ड में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने मकान मालिकों से भी अपील की है कि किसी व्यक्ति को किराए पर रखने से पहले उसकी जानकारी संबंधित सांझ केंद्र में दर्ज करवाएं और पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। पुलिस के मुताबिक इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में जांच में मदद मिल सकती है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस की ओर से शहर में वाहनों की चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लुधियाना पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहने की बात कही गई है।

