पंजाब -(मनदीप कौर)-पंजाब के मोहाली से दहेज प्रताड़ना का एक मामला सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। मटौर थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति, सास और रिटायर्ड पुलिस अधिकारी ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता गुरप्रीत कौर ने आरोप लगाया है कि करीब पांच साल पहले उसकी शादी कुलदीप राज सिंह के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही उसे अधिक दहेज लाने के लिए लगातार दबाव बनाया जाता रहा। महिला का कहना है कि मांगें पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई, अपशब्द कहे गए और मानसिक रूप से भी परेशान किया गया।
पीड़िता के अनुसार, उसके ससुर हरगोविंद सिंह पंजाब पुलिस में SSP रैंक से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जबकि उसका पति वर्तमान में विजिलेंस विभाग में तैनात है। आरोप है कि परिवार के तीनों सदस्य उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे।
मामले की प्रारंभिक जांच के बाद मटौर थाना पुलिस ने हरगोविंद सिंह, उनकी पत्नी हरप्रीत कौर और बेटे कुलदीप राज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। अब पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

