लुधियाना -(मनदीप कौर )- पंजाब के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मर्डर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल मेहरो को दुबई से भारत लाया गया है। जांच एजेंसियों द्वारा उसे भारत लाकर पुलिस के हवाले किया गया, जिसके बाद सूचना मिलते ही बठिंडा के डीएसपी सिटी-2 अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दुबई से लाकर किया गया गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से विदेश में छिपा हुआ था। जांच एजेंसियों ने लगातार प्रयास करते हुए उसे दुबई से डिपोर्ट करवाया। भारत पहुंचते ही उसे सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया। बठिंडा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत उसे अपनी कस्टडी में ले लिया।
क्या था पूरा मामला
इस पूरे मामले की शुरुआत 9 जून 2025 को हुई थी, जब कमल कौर भाभी, जो एक जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं, अपने घर से यह कहकर निकली थीं कि वह बठिंडा में कार प्रमोशन के लिए जा रही हैं। लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं।

परिवार ने जब संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन बंद मिला, जिससे चिंता और बढ़ गई। अगले दिन, 10 जून 2025 को उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
11 जून को मिली थी लाश
इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा 11 जून 2025 को हुआ, जब कमल कौर की लाश चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित एक अस्पताल की पार्किंग से बरामद हुई। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और यह मामला पूरे पंजाब में चर्चा का विषय बन गया।
पहले हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस केस में पुलिस ने पहले ही कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों — जसप्रीत सिंह और निर्मलजीत सिंह — को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों से पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए, जिसके आधार पर मुख्य साजिशकर्ता के रूप में अमृतपाल मेहरो का नाम सामने आया।
अब क्या करेगी पुलिस
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान इस केस से जुड़े और भी राज सामने आ सकते हैं, साथ ही यह भी स्पष्ट होगा कि इस हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
परिवार को इंसाफ की उम्मीद
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार को अब इंसाफ की उम्मीद जगी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

