लुधियाना -(मनदीप कौर)- शहर के लोहारा इलाके स्थित बापू मार्केट करमजीत नगर में देर रात सड़क पर खड़ी बाइक को साइड करने को लेकर विवाद हो गया। पीड़ित आदित्य के मुताबिक, वह किसी पार्टी से वापस अपने घर लौट रहा था। गली में एक बाइक खड़ी होने के कारण रास्ता पूरी तरह ब्लॉक था।
आदित्य के अनुसार, उन्होंने बाइक हटाने के लिए दो बार हॉर्न बजाकर रास्ता देने का संकेत किया, लेकिन जब काफी देर तक बाइक साइड नहीं हुई तो उनके भाई ने गाड़ी से उतरकर बाइक को किनारे किया। आरोप है कि इसके बाद बाइक मालिक अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी।

यह भी पढ़े:- स्कूल बस हादसे के बाद बस संचालकों का फूटा गुस्सा, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और कार के शीशे भी तोड़ दिए। कुछ देर बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
पूरी घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में कुछ लोग घर के बाहर खड़े होकर ललकारते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित पक्ष का यह भी दावा है कि कुछ आरोपियों के हाथों में हथियार दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद पीड़ितों ने रात में ही कंगनवाल पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान तथा मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच के बाद ही घटना में शामिल लोगों और आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

