लुधियाना -(मनदीप कौर)- नगर निगम लुधियाना की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) की दो खाली सीटों को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। मंगलवार, 25 अगस्त को होने वाले चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है।
दो सीटों के लिए चार प्रमुख उम्मीदवार मैदान में

F&CC की दो सीटों के चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर पार्षद अमन बग्गा और युवराज सिद्धू को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने वार्ड नंबर 26 के पार्षद गौरव भट्टी को मैदान में उतारा है। BJP ने वार्ड नंबर 73 की पार्षद रुचि गुलाटी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/phagwara-wife-accused-poisoning-husband-tea-rawalpindi/
यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पहले अमन बग्गा और युवराज सिद्धू की F&CC में नियुक्ति को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए थे। मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तक पहुंचा, जिसके बाद दो सदस्यों का चुनाव पार्षदों के बीच से कराने की प्रक्रिया शुरू हुई।
45 पार्षदों ने की थी बैलेट पेपर से मतदान की मांग
F&CC चुनाव की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस, BJP और शिरोमणि अकाली दल के कुल 45 पार्षदों ने मेयर को संयुक्त प्रस्ताव सौंपकर बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग की थी। पार्षदों का कहना था कि चुनाव प्रक्रिया लोकतांत्रिक, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए।
हालांकि नगर निगम की ओर से चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक मतदान और मतगणना की रिकॉर्डिंग के लिए 12 CCTV कैमरे लगाए गए हैं और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
AAP, BJP और कांग्रेस के बीच सीधा शक्ति परीक्षण
लुधियाना नगर निगम के सदन में AAP के 48, कांग्रेस के 26, BJP के 19 और SAD के 2 पार्षद हैं। दो F&CC सीटों के लिए होने वाला चुनाव इसलिए अहम है क्योंकि विपक्षी दलों की एकजुटता चुनाव के नतीजे को प्रभावित कर सकती है।
कांग्रेस उम्मीदवार गौरव भट्टी पहले भी F&CC की प्रक्रिया को लेकर हाईकोर्ट का रुख कर चुके हैं। वहीं BJP ने भी अपनी सीट जीतने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। दूसरी तरफ AAP का दावा है कि अमन बग्गा और युवराज सिद्धू दोनों सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
चुनाव प्रक्रिया पर रहेगी सभी की नजर
F&CC नगर निगम की महत्वपूर्ण समितियों में से एक है, जो वित्तीय और ठेके से जुड़े अहम मामलों में भूमिका निभाती है। ऐसे में दो नए सदस्यों का चुनाव लुधियाना नगर निगम की आगे की राजनीतिक और प्रशासनिक तस्वीर के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल लुधियाना नगर निगम में F&CC की दो सीटों को लेकर सियासी घमासान तेज है और सभी दलों की नजर चुनाव के नतीजे पर टिकी हुई है।

