लुधियाना -(मनदीप कौर)- जिले के सुभाष नगर इलाके में त्रिकोणी पार्क के पास कूड़े के ढेर से एक ड्रोन मिलने का मामला सामने आया है। कूड़े के बीच ड्रोन दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए हलचल मच गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज महेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने ड्रोन को देखा और इसकी जानकारी तकनीकी टीम को भी दी गई है, ताकि इसके बारे में पूरी जानकारी हासिल की जा सके।

यह भी पढ़े:-Panchkula Accident: नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई बाइक; युवक की मौके पर मौत
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रोन यहां तक कैसे पहुंचा और इसे कौन छोड़कर गया। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे ड्रोन के यहां पहुंचने से संबंधित कोई सुराग मिल सके।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
ड्रोन मिलने की खबर फैलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि चौकी प्रभारी गुरदयाल सिंह ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि ड्रोन खिलौना प्रतीत होता है और फिलहाल घबराने जैसी कोई बात नहीं है।
पुलिस द्वारा मामले की तकनीकी जांच करवाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ड्रोन किसका है और इसे कूड़े के ढेर में किस परिस्थिति में छोड़ा गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज सहित अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

