लुधियाना -(मनदीप कौर)- चुंगी इलाके में दिन-दहाड़े एक व्यक्ति से नकदी और जरूरी सामान छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के अनुसार, एक बाइक सवार व्यक्ति उसके पास आया और उस पर नशा बेचने का आरोप लगाने लगा। जब पीड़ित ने नशा बेचने से इनकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसकी तलाशी लेना शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने उसकी जेब से पर्स निकाल लिया, जिसमें करीब 10 हजार रुपये नकद, ATM कार्ड और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। इसके बाद आरोपी ने उसे अपने पीछे-पीछे दफ्तर तक आने के लिए कहा। पीड़ित जब उसके पीछे गया तो रास्ते में आरोपी गायब हो गया।

यह भी पढ़े:-फतेहगढ़ साहिब: खमाणों रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, सिर धड़ से अलग
पीड़ित ने बताया कि आरोपी के पास हथियार भी मौजूद था। घटना के बाद मामले की शिकायत बस्ती बावा खेल पुलिस को दी गई है।
घटना के संबंध में सामने आई जानकारी के मुताबिक, मामला CCTV कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में बाइक सवार व्यक्ति का चेहरा दिखाई देने की बात कही गई है। पीड़ित ने बताया कि वह पिछले करीब 28 वर्षों से पंजाब में रह रहा है और जालंधर बाईपास के पास अशोक नगर में रहता है।
पीड़ित मंजुल स्पायर ने बताया कि वह भुजिया, ब्रेड समेत अन्य सामान की सप्लाई का काम करता है। फिलहाल पुलिस शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

