फतेहगढ़ साहिब:-(मनदीप कौर)- खमाणों में रेलवे पुलिस ने न्यू लुधियाना-चंडीगढ़ रेलवे लाइन पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। शव गांव बिलासपुर और रेलवे स्टेशन खमाणों के बीच मिला। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
रेलवे पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक गुरविंदर सिंह के अनुसार, देर रात करीब 2:15 बजे उन्हें उक्त स्थान पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर एक व्यक्ति का सिर धड़ से अलग मिला। प्रारंभिक जांच में उसकी मौत रेल हादसे में होने की आशंका जताई गई है।

यह भी पढ़े:-बटाला में रवनीत बिट्टू के काफिले पर हंगामा, अंडे-टमाटर फेंकने का आरोप
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष प्रतीत होती है। उसकी दाढ़ी कटी हुई थी और वह देखने में पंजाबी व्यक्ति लगता है। उसने काले रंग की बनियान और ग्रे रंग की पैंट पहनी हुई थी।
पुलिस को मृतक के पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या प्रमाण नहीं मिला है। कानूनी कार्रवाई के तहत शव को पहचान के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल खमाणों में 72 घंटे के लिए रखा गया है।
फिलहाल रेलवे पुलिस मृतक की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

