जालंधर -(मनदीप कौर)- श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित भव्य Drone Show आज यानी 8 सितंबर को जालंधर में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम लायलपुर खालसा कॉलेज में होगा। पहले इस कार्यक्रम की तारीख 6 सितंबर तय की गई थी, जिसे बाद में बदलकर 8 सितंबर कर दिया गया।
आसमान में दिखाई जाएगी गुरु रविदास जी की जीवन यात्रा

इस विशेष Drone Light Show का सबसे बड़ा आकर्षण गुरु रविदास महाराज जी का जीवन, दर्शन और उनकी शाश्वत शिक्षाएं होंगी। अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक के जरिए आसमान में अलग-अलग आकृतियों और रोशनी के माध्यम से उनके संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य खास तौर पर युवा पीढ़ी को गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं और सामाजिक समानता के संदेश से जोड़ना है।
Drone Show के साथ होगा कीर्तन दरबार
कार्यक्रम में Drone Show के अलावा प्रसिद्ध रागी जत्थों द्वारा कीर्तन भी किया जाएगा। बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
ट्रैफिक और पार्किंग के भी विशेष इंतजाम
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, सफाई, बैठने की व्यवस्था और आपातकालीन मेडिकल सहायता समेत कई तैयारियों की समीक्षा की है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पूरे पंजाब में हो रहे विशेष कार्यक्रम
श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को पंजाब सरकार की ओर से बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में पूरे राज्य में Drone Shows, कीर्तन दरबार, शोभायात्राएं, सेमिनार और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जालंधर जिले में भी अलग-अलग स्थानों पर जालंधर शहर, नकोदर, शाहकोट, फिल्लौर, आदमपुर और करतारपुर में Drone Shows आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
गुरु रविदास जी वाणी अध्ययन केंद्र भी प्रस्तावित
गुरु रविदास जी की शिक्षाओं के प्रचार और अकादमिक शोध को बढ़ावा देने के लिए डेरा सचखंड बल्लां के नजदीक करीब 11 एकड़ क्षेत्र में ‘श्री गुरु रविदास जी वाणी अध्ययन केंद्र’ स्थापित करने की योजना भी सामने आई है।
आज जालंधर में होने वाला Drone Show 650वें प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों में खास आकर्षण रहेगा। श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए यह धार्मिक संदेश और आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम देखने का अवसर होगा।

