जालंधर -(मनदीप कौर)-
जालंधर: पंजाब के जालंधर स्थित सिविल अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। घटना के समय वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग के साथ पूरे वार्ड में घना धुआं फैल गया, जिससे मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। सूचना मिलते ही अस्पताल की सुरक्षा टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि धुएं के कारण वार्ड के अंदर प्रवेश करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में फायर ब्रिगेड की टीम ने बाथरूम का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/punjab-40-lakh-women-rs4500-transfer/
अस्पताल में मौजूद एक महिला परिजन ने बताया कि आग अचानक तेजी से फैल गई, जिससे लोग घबरा गए। उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, हालांकि उनके कुछ जरूरी दस्तावेज और नकदी आग की चपेट में आकर जल गए।
एसएमओ के अनुसार, आग की घटना में किसी मरीज या कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि वार्ड में रखा कुछ सामान आग की वजह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शॉर्ट सर्किट की पुष्टि के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

