जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के बस्ती अड्डा चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर के पास मंगलवार सुबह एक चलती एक्टिवा में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत एक्टिवा सड़क किनारे खड़ी कर दी और सुरक्षित दूरी बना ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय एक्टिवा से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-civil-hospital-fire-mother-child-ward/
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक एक्टिवा पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई की। शुरुआती जांच में किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर लौट रहा था। आशंका जताई जा रही है कि ओवरहीटिंग के कारण वाहन में आग लगी। फिलहाल घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।

