सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। सिक्का कॉलोनी में दादी के साथ घर से बाहर टहलने निकला 6 महीने का बच्चा Pitbull के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बच्चा अपनी दादी के साथ सड़क पर था। इसी दौरान अचानक एक Pitbull उनकी तरफ दौड़ता हुआ आया और महिला की गोद में मौजूद बच्चे पर हमला कर दिया। महिला ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने बच्चे को नहीं छोड़ा।

यह भी पढ़े:-होशियारपुर के हरवीर हत्याकांड में बड़ा फैसला, दोषी मनके यादव को फांसी की सजा
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी बच्चे को बचाने और कुत्ते को हटाने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया गया। हमले में बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं।
परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए रोहतक के अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
CCTV में कैद हुई घटना
बताया जा रहा है कि पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में कुत्ते को बच्चे पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कोई कुत्ता खुले में घूम रहा था और उसके लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, तो ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। लोगों ने इलाके में आवारा और पालतू खतरनाक कुत्तों को लेकर नियमों के पालन की मांग उठाई है।

