पंजाब-(मनदीप कौर )- पंजाब के खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के कस्बा फतेहाबाद में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक पोल्ट्री फार्म पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-school-threat-email/
जानकारी के अनुसार, यह हमला फतेहाबाद निवासी मनिंदर सिंह के “पंजाब पोल्ट्री फार्म” पर हुआ। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से उन्हें विदेशी नंबरों से फिरौती मांगने वाली धमकी भरी कॉल्स मिल रही थीं। इस संबंध में उन्होंने पहले ही पुलिस को शिकायत दी थी।
दरवाजे पर लगी गोलियां
मनिंदर सिंह के मुताबिक बुधवार शाम अचानक कुछ युवक मोटरसाइकिल पर आए और फार्म के बाहर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियां फार्म के गेट और दरवाजे पर लगीं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी डर देखने को मिल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना गोइंदवाल साहिब की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए और जांच शुरू कर दी।
डीएसपी गोइंदवाल हरिंदर सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
फतेहाबाद में पोल्ट्री फार्म पर हुई फायरिंग की घटना के बाद व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही फिरौती और फायरिंग की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

