चंडीगढ़:-(मनदीप कौर)- न्यू चंडीगढ़ में PR-4 स्टेडियम रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि लग्जरी गाड़ियों में आए कुछ युवकों ने पेट्रोल पंप अटेंडेंट के साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
पीड़ित के अनुसार, एक युवक अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर आया था। पेट्रोल डालने के बाद जब उसे गाड़ी आगे करने के लिए कहा गया तो वह कथित तौर पर भड़क गया और गाली-गलौच करने लगा।

आरोप है कि कुछ देर बाद युवक 4-5 अन्य लोगों के साथ वापस पेट्रोल पंप पर पहुंचा। इसके बाद उन्होंने अटेंडेंट के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी जेब में कैश था और आरोपी उसे लूटने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, वह मौके से भाग निकलने में सफल रहा।
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
पेट्रोल पंप मालिक प्रदीप कुमार के अनुसार, शुरुआत में वह मौके पर मौजूद थे और उन्होंने दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत करवाया था। इसके बाद वह घर चले गए। आरोप है कि उनके जाने के बाद कुछ युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और कर्मचारी के साथ गाली-गलौच व हाथापाई की।
घटना की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है। मारपीट की वजह और पीड़ित द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

