संगरूर:-(मनदीप कौर)- नजदीकी गांव बडरुखां में बीती रात गुरुद्वारा साहिब में हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, कुछ हथियारबंद व्यक्ति कथित तौर पर दीवार फांदकर गुरुद्वारा साहिब परिसर में दाखिल हुए और एक सेवादार को गोली मारकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने पहले गुरुद्वारा साहिब में मौजूद अजैब सिंह को सोते समय काबू करने की कोशिश की। आरोप है कि उनका गला दबाया गया और रस्सी की मदद से उन्हें चारपाई पर बांधने का प्रयास किया गया। अजैब सिंह के विरोध करने पर शोर सुनकर पास के कमरे में सो रहे लांगरी जसवंत सिंह बाहर आए।

यह भी पढ़े:- अमित शाह की जालंधर रैली की तैयारियां तेज, 63 एकड़ में तैयार हो रहा विशाल पंडाल
बताया जा रहा है कि इसी दौरान हमलावरों ने जसवंत सिंह पर गोली चला दी। गोली उनकी छाती में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गांव में अनाउंसमेंट के बाद पहुंचे लोग
घटना के बाद गुरुद्वारा साहिब से अनाउंसमेंट की गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायल जसवंत सिंह को तत्काल इलाज के लिए संगरूर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटियाला रेफर कर दिया गया।
हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हथियारबंद व्यक्ति गुरुद्वारा साहिब में लूट के इरादे से दाखिल हुए थे या हमले के पीछे कोई अन्य वजह थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और हमलावरों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

