पंजाब -(मनदीप कौर)- पंजाब की सियासत में 1984 सिख दंगा मामले को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। 1984 दंगों के दोषी सज्जन कुमार के अंतिम संस्कार में भाजपा के तीन मौजूदा सांसदों के शामिल होने को लेकर आम आदमी पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। AAP की ओर से लुधियाना में भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है।
दरअसल, दिल्ली से भाजपा के तीन सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत सज्जन कुमार के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और उन्हें सार्वजनिक रूप से श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पंजाब में सिख संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से इस पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़े:-मेले में करंट की चपेट में आई 8 साल की बच्ची, खुले बिजली के तार बने मौत का कारण
AAP नेताओं का कहना है कि 1984 का सिख कत्लेआम सिख समुदाय और पंजाबियों के लिए कभी न भरने वाला जख्म है। पार्टी ने भाजपा सांसदों द्वारा सज्जन कुमार को सम्मान दिए जाने को लेकर नाराजगी जताई है। AAP नेताओं का आरोप है कि भाजपा के इस कदम से उसका सिख विरोधी चेहरा सामने आया है।
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए लुधियाना पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट है। भाजपा कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दोनों तरफ की सड़कों पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया है और मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल इस मुद्दे को लेकर पंजाब की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। AAP ने भाजपा से इस मामले पर जवाब मांगा है, जबकि प्रदर्शन के चलते लुधियाना में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।

