फिरोजपुर -(मनदीप कौर)- कैंटोनमेंट बोर्ड इलाके में लगे मेले में परिवार के साथ पहुंची 8 साल की बच्ची की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। परिवार ने मेले के आयोजकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मेले में बिजली के तार खुले पड़े हुए थे। इसी दौरान बच्ची उनकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। परिवार के मुताबिक, बच्ची को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

यह भी पढ़े:-2027 चुनाव से पहले BJP का बड़ा प्लान, सतीश पूनिया बोले- 117 सीटों पर अकेले लड़ेंगे चुनाव
मृतका की पहचान दिवांशी के रूप में बताई गई है। उसके भाई ने बताया कि दोनों भाई-बहन परिवार के साथ मेला देखने गए थे। इसी दौरान उसकी बहन खुले बिजली के तारों की चपेट में आ गई।
परिवार का आरोप है कि अगर मेले में बिजली के तारों को सुरक्षित तरीके से लगाया गया होता तो यह हादसा नहीं होता। परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे की पूरी जिम्मेदारी और लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

