जालंधर -(मनदीप कौर )- पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी बीच तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर पहुंचे भाजपा पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने जालंधर स्थित भाजपा कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
मीडिया से बातचीत के दौरान सतीश पूनिया ने कहा कि पंजाब में भाजपा का मिशन पंजाब लगातार आगे बढ़ रहा है। पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ नेताओं और कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के आशीर्वाद से पंजाब में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

BJP-SAD गठबंधन पर क्या बोले सतीश पूनिया?
भाजपा-अकाली दल गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर सतीश पूनिया ने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि भाजपा 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने संगठन और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने पर फोकस कर रही है।
PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का जिक्र
सतीश पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लंबे समय तक गुजरात के मुख्यमंत्री और अब देश के प्रधानमंत्री के रूप में लोगों की सेवा की है। इस दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है।
यह भी पढ़े:-नेपाल में बाढ़ का कहर: एक घर से मिले 24 शव, 950 के पार मौतें, 4000+ लोग लापता
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में पंजाब में भी संगठन की ओर से अलग-अलग कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
राज्यसभा सांसद सज्जन सिंह के घर शोक व्यक्त करने पहुंचे तीन सांसदों से जुड़े विवाद पर भी सतीश पूनिया ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के भीतर इस मुद्दे को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, सांसद के घर पहुंचने वाले तीन सांसदों के संबंध में भाजपा की ओर से की गई टिप्पणी का भी उन्होंने जिक्र किया।
पंजाब में भाजपा के आगामी कार्यक्रमों को लेकर उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं।

