साहनेवाल:-(मनदीप कौर)- साहनेवाल मेन रोड स्थित PNB बैंक के ATM में एक BJP नेता से कथित तौर पर लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार घटना 25 तारीख की शाम करीब 6:40 बजे की बताई जा रही है। BJP नेता ATM में 1.50 लाख रुपये जमा कराने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि जब वह मशीन में अकाउंट नंबर दर्ज करने के बाद करीब 50 हजार रुपये नकद जमा कर रहे थे, तभी पीछे से एक हथियारबंद युवक अंदर पहुंचा और पिस्तौल तानकर पैसे छीनने की कोशिश की।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना से जुड़ी CCTV फुटेज में कथित तौर पर युवक की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। फुटेज के अनुसार, BJP नेता ATM में अपने साइड बैग से पैसे निकालकर मशीन में डाल रहे थे। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक ATM के अंदर दाखिल हुआ।
यह भी पढ़े:-Jalandhar News: फ्लैट से 26 वर्षीय युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका
आरोप है कि युवक ने अपने बैग से पिस्तौल निकाली और BJP नेता से पैसे छीनने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कई दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
मामले को लेकर BJP नेता की ओर से पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं। उनका आरोप है कि आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, घटना के दौरान आरोपी की कथित तौर पर लोगों ने मारपीट भी की। आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायल युवक को देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस जांच के बाद तस्वीर होगी साफ
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई आगे बढ़ाएगी। मामले में आरोपी के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई और वारदात के पीछे उसकी मंशा क्या थी, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

