शामली:-(मनदीप कौर)- हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद मशहूर गायक मासूम शर्मा को सोशल मीडिया के जरिए धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक युवक कथित तौर पर अंकित की हत्या का जिक्र करते हुए मासूम शर्मा को भी निशाना बनाने की धमकी देता नजर आ रहा है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस और एसटीएफ ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में जिस सोशल मीडिया आईडी से वीडियो पोस्ट किया गया, उसके फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है।

अंकित बालियान से थी मासूम शर्मा की दोस्ती
जानकारी के मुताबिक, गायक मासूम शर्मा और दिवंगत गायक अंकित बालियान के बीच अच्छी दोस्ती थी। दोनों ने साथ में कई गाने भी किए थे। अंकित की हत्या से एक दिन पहले ही मासूम शर्मा की उससे बातचीत होने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़े:-अमृतसर में निहंग की गोली मारकर हत्या, बाबा बकाला मेले से लौटने के बाद मिला शव
अंकित की मौत के बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए कहा था कि कलाकारों को अक्सर धमकियां मिलती रहती हैं। इसी बीच उनके नाम से जुड़ा धमकी भरा वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
फर्जी आईडी से वायरल हुआ वीडियो?
वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर अंकित को गाली देने की बात कहते हुए उसकी हत्या का दावा करता है और इसके बाद मासूम शर्मा को भी निशाना बनाने की धमकी देता नजर आता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इसे किसने बनाया और किस डिवाइस से सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया।
पुलिस वीडियो में किए गए दावों की फिलहाल पुष्टि नहीं कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की डिजिटल जांच के बाद ही इसकी वास्तविकता और इसके पीछे की मंशा स्पष्ट हो पाएगी।
परिवार के नाम पर भी मांगी जा रही आर्थिक मदद
अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा उसके परिवार की मदद के नाम पर पोस्ट भी शेयर किए जा रहे हैं। इन पोस्ट में क्यूआर कोड के जरिए लोगों से 200 से 300 रुपये तक आर्थिक सहायता भेजने की अपील की जा रही है।
हालांकि, अंकित के परिवार ने ऐसी किसी अपील की जानकारी होने से इनकार किया है। इसके बाद पुलिस सोशल मीडिया पर चल रहे ऐसे पोस्ट और क्यूआर कोड की भी जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं परिवार की मदद के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी तो नहीं की जा रही।
पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो, सोशल मीडिया आईडी और आर्थिक मदद से जुड़े पोस्ट—तीनों पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी

