हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरा मालवाहक वाहन हादसे का शिकार हो गया। पीर निगाह धार्मिक स्थल से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई में चालक के नियंत्रण खो देने के बाद वाहन सड़क से बाहर निकलकर खाई में जा गिरा। हादसे में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु घायल हुए हैं। विभिन्न रिपोर्टों के मुताबिक घायलों की संख्या करीब 50 तक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं का जत्था हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों से पीर निगाह पहुंचा था। श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेकने के साथ लंगर का आयोजन भी किया था। मंगलवार सुबह वे आगे माता नैना देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे।

उतराई में बिगड़ा वाहन का संतुलन
पीर निगाह मंदिर से कुछ दूरी पर उतराई और मोड़ के दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वाहन सड़क से बाहर निकलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़े:-संगरूर में देर रात गोलियां चलने से दहशत, 5 बाइक सवारों ने कार सवारों पर किया हमला
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल कुछ श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
ऊना पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

