हिसार -हरियाणा के हिसार में कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे गैंगस्टर विनोद काना उर्फ पानू पर बदमाशों ने अचानक गोलियां बरसा दीं। इस हमले में विनोद काना की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3 बजे हिसार कोर्ट के मुख्य गेट के पास हुई। बाइक सवार हथियारबंद हमलावरों ने विनोद काना पर करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले कोर्ट की पार्किंग एरिया में विनोद काना पर गोलियां चलाईं और इसके बाद उसे दौड़ाते हुए मुख्य गेट के पास ले गए, जहां उस पर दोबारा फायरिंग की गई।

मौके पर ही हुई मौत
गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल विनोद काना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, फायरिंग में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/amritsar-heritage-street-sgpc-bus-vandalism-cctv/
घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने कार्रवाई करते हुए दो हमलावरों में से एक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा आरोपी फरार होने में कामयाब बताया जा रहा है।
गैंगवार से जुड़ा हो सकता है मामला
प्रारंभिक जांच में हमले को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, विनोद काना का नाम कुख्यात पानू गैंग से जुड़ा बताया जाता रहा है। उसके खिलाफ हत्या समेत कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।
यह भी बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। विनोद काना को गैंगस्टर सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे की हत्या के मामले में भी आरोपी बताया गया था। इस मामले को लेकर क्षेत्र में पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
कोर्ट परिसर की सुरक्षा पर उठे सवाल
कोर्ट के मुख्य गेट के पास हथियारबंद बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े इतनी ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने से पुलिस और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि हथियारबंद हमलावर कोर्ट परिसर के आसपास इतनी आसानी से कैसे पहुंच गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और वारदात के पीछे की वजह तथा गैंगवार के एंगल को खंगाला जा रहा है।

