लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। सामूहिक दुष्कर्म के बाद 13 साल की नाबालिग लड़की गर्भवती हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, कम उम्र में गर्भावस्था अब उसकी जान के लिए खतरा बनती जा रही थी। लड़की की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए अदालत ने गर्भपात की अनुमति दे दी है।
कोर्ट की अनुमति के बाद सिविल अस्पताल में होगी प्रक्रिया

अदालत से अनुमति मिलने के बाद अब नाबालिग का गर्भपात लुधियाना के सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में किया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट में गर्भावस्था की अवधि करीब पांच महीने बताई गई है।
मां ने पुलिस को दी थी शिकायत
नाबालिग की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसकी बेटी करीब सात महीने की गर्भवती है। शिकायत के बाद लड़की की मेडिकल जांच करवाई गई।
हालांकि, सिविल अस्पताल में हुई मेडिकल जांच में नाबालिग की गर्भावस्था करीब पांच महीने की पाई गई। डॉक्टरों ने उसकी कम उम्र और स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए गर्भावस्था जारी रहने से गंभीर खतरे की आशंका जताई।
नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

