करनाल -(मनदीप कौर)- हरियाणा के करनाल में बसताड़ा रोड पर करीब 30 लाख रुपये की संदिग्ध लूट का मामला सामने आया है। माजरा रोडान निवासी नरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो में सवार 4 से 5 लोगों ने उसके साथ मारपीट की और करीब 30 लाख रुपये कैश लेकर मौके से फरार हो गए।
नरेंद्र कुमार के मुताबिक, वह अपने तीन दोस्तों के साथ दिल्ली से पेमेंट लेकर करनाल की तरफ आ रहा था। बसताड़ा गांव में उन्हें किसी व्यक्ति को पेमेंट देनी थी। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने कार की डिक्की में रखे बैग से पैसे निकालने शुरू किए, तभी स्कॉर्पियो में सवार 4-5 लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट करते हुए कैश लेकर फरार हो गए।

यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/jalandhar-domoria-pul-car-auto-accident/
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों के पास हथियार भी थे। नरेंद्र ने यह भी बताया कि मारपीट के दौरान उसके सिर पर किसी चीज से वार किया गया, जिससे उसे चोट लगी।
मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही थाना मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, नरेंद्र नाम के युवक ने करीब 30 लाख रुपये छीने जाने की शिकायत दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस और CIA की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जाएगी। फिलहाल यह मामला संदिग्ध लूट के तौर पर जांच के दायरे में है और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

