जालंधर -(मनदीप कौर)- नशे और अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जालंधर पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर न्यू रसीला नगर स्थित एक मकान में छापेमारी की गई, जहां से विभिन्न ब्रांडों की अवैध शराब की भारी खेप बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने घर के कमरों और बोरियों में छिपाकर रखी गई 126 शराब की बोतलें और 10 से 12 पेटियां बरामद कीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से शराब का भंडारण और सप्लाई करने की आशंका है। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई जाती थी और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/punjab-powercom-new-rules/
स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि रिहायशी इलाके में अवैध शराब की बिक्री से माहौल खराब हो रहा था। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

