खंडूर साहिब -(मनदीप कौर)- खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह ने लोकसभा स्पीकर से मौजूदा मानसून सत्र में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की है। इस संबंध में उनके पिता तरसेम सिंह ने एक पत्र सार्वजनिक किया है। पत्र के अनुसार, सांसद अमृतपाल सिंह ने 20 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक चल रहे संसद के मानसून सत्र में भाग लेने की अनुमति देने का अनुरोध किया है।
तरसेम सिंह ने कहा कि जनता द्वारा चुने गए सांसद होने के बावजूद उनके बेटे को अब तक किसी भी संसदीय सत्र में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली है। उनका कहना है कि इसके कारण अमृतपाल सिंह अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों की समस्याएं संसद में नहीं उठा सके और अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन भी नहीं कर पाए।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/punjab-100-naye-aam-aadmi-clinic/
उन्होंने यह भी दावा किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) हटाए जाने के बाद भी अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में रखा गया है। उनके अनुसार, अमृतपाल सिंह संसद में पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों जैसे बढ़ते नशे, बाढ़ की स्थिति और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें मानसून सत्र में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जा रही।
फिलहाल, लोकसभा स्पीकर की ओर से इस अनुरोध पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि अमृतपाल सिंह को मानसून सत्र में शामिल होने की अनुमति मिलती है या नहीं।

