चंडीगढ़ – ( मनदीप कौर)- पंजाब सरकार की मावां धियां सत्कार योजना को लेकर लगातार चर्चा जारी है। इस बीच सरकार ने योजना को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। सरकार का दावा है कि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाली महिलाओं की संख्या 70 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। साथ ही सरकार ने कहा है कि 1 अगस्त को योजना की अगली किस्त जारी की जाएगी।

सरकार के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने कहा कि महिलाओं को किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मावां धियां सत्कार योजना पर न तो कोई रोक लगी है और न ही इसे बंद किया गया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने केवल सरकार से जवाब मांगा है और सरकार अदालत में अपना पक्ष रखेगी।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/charanjit-singh-channi-resignation-punjab-congress-crisis/
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक योजना के लिए 1,149 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है। सरकार का कहना है कि योजना के तहत सभी प्रक्रियाएं तय समय के अनुसार चल रही हैं और 1 अगस्त को लाभार्थी महिलाओं के खातों में अगली किस्त जारी की जाएगी।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जून महीने में 33 लाख महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि जुलाई में अब तक 37 लाख महिलाओं ने योजना से जुड़ने के लिए आवेदन किया है। इस तरह कुल रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 70 लाख से अधिक हो गया है।
जिला-वार आंकड़ों में पटियाला सबसे आगे है। इसके बाद अमृतसर दूसरे और जालंधर तीसरे स्थान पर है। सरकार का कहना है कि अन्य जिलों में भी रजिस्ट्रेशन तेजी से जारी है ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिल सके।
हाल ही में इस योजना को लेकर हाईकोर्ट में दायर याचिका के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि सरकार ने साफ किया है कि अदालत ने केवल नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इससे योजना के संचालन या किस्त जारी होने पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
सरकार ने एक बार फिर दोहराया कि मावां धियां सत्कार योजना का उद्देश्य पंजाब की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है और इसके लिए आवश्यक फंड पहले ही जारी किए जा चुके हैं। सरकार का दावा है कि योजना तय समय के अनुसार आगे बढ़ रही है और लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

