चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)– देशभर में NEET पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच चंडीगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ BJP कार्यालय और सेक्टर-37 स्थित पंजाब BJP प्रदेश कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़े:-
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पंजाब से कुछ युवाओं के दोनों BJP कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करने की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। डीएसपी स्तर के अधिकारियों से लेकर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है।
दोनों कार्यालयों के बाहर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है ताकि किसी भी अचानक प्रदर्शन या भीड़ को तुरंत नियंत्रित किया जा सके। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले वाहनों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए CTU की बसों को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर तुरंत मौके से हटाने की तैयारी की गई है। पुलिस अधिकारियों ने सभी सुरक्षा टीमों को दोनों कार्यालयों के आसपास हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

