अमृतसर -(मनदीप कौर)- अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूलों और संवेदनशील संस्थानों को बम धमकी वाले ईमेल भेजने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल से सौरव विश्वास उर्फ माइकल नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया और Facebook ग्रुप्स के जरिए Gmail अकाउंट की खरीद-बिक्री करता था। आरोपी ने कई अज्ञात लोगों से सैकड़ों Gmail ID खरीदी थीं। जांच में यह भी सामने आया कि करीब 219 Gmail अकाउंट WhatsApp के जरिए बांग्लादेश में मौजूद एक व्यक्ति को बेचे गए थे। इन अकाउंट्स की खरीद-बिक्री में USDT क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस के मुताबिक, बाद में इन ईमेल खातों का इस्तेमाल देशभर के स्कूलों और अन्य संस्थानों को बम धमकी वाले ईमेल भेजने के लिए किया गया। मामले में पाकिस्तान और अन्य विदेशी संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन CPU, पांच हार्ड डिस्क, तीन मोबाइल फोन, इंटरनेट राउटर, 300 से ज्यादा Gmail ID और 15 Hotmail अकाउंट से जुड़ा डिजिटल डेटा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और लोगों में डर फैलाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहा था।
फिलहाल पुलिस और साइबर एजेंसियां इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी हुई हैं।

