पंजाब -(मनदीप कौर)- पंजाब में इन दिनों मौसम ने अचानक करवट ली है। राज्य के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज भी कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/sangrur-me-15-saal-ke-kishor-ki-hatya/
6 मई को भी जारी रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के अनुसार 6 मई को भी राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
6 से 8 मई तक फिर बारिश की संभावना
जानकारी के मुताबिक, इस समय पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय है, जो लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा हरियाणा और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती हवा प्रणाली बनी हुई है, जो करीब 1.5 किलोमीटर तक फैली हुई है।
इन्हीं कारणों से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग के अनुसार 6 से 8 मई के बीच भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।

