जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर: शहर के खुरला किंगरा इलाके के पंजाबी बाग में उस समय सनसनी फैल गई जब एक मासूम बच्चे का सड़ा हुआ शव बरामद हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे की उम्र करीब 4 से 5 महीने बताई जा रही है।यह मामला उस समय सामने आया जब एक कचरा बीनने वाली महिला इलाके में कचरा इकट्ठा कर रही थी।
यह भी पढ़े –https://chardapunjabtv.com/jalandhar-basti-danishmanda-fight/
इसी दौरान उसकी नजर एक संदिग्ध बोरी पर पड़ी। जब उसने बोरी को ध्यान से देखा तो उसमें बच्चे का सिर दिखाई दिया, जिससे वह बुरी तरह घबरा गई।
सूत्रों के मुताबिक, महिला पिछले दो दिनों से उस बोरी को देख रही थी, लेकिन उसने इस बारे में किसी को जानकारी नहीं दी। आज सुबह उसने कॉलोनी के कुछ निवासियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद लोग मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर लोगों ने देखा कि बच्चे का शव पूरी तरह से सड़ चुका था और उस पर कीड़े लगे हुए थे। यह दृश्य देखकर इलाके में डर और गुस्से का माहौल बन गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना नंबर 6 के प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चे की मौत कैसे हुई और उसे यहां किसने फेंका।

