लुधियाना -(मनदीप कौर)- चंदन नगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 3 साल की एक मासूम बच्ची आग की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि बच्ची घर में माचिस की तीली जलाने की कोशिश कर रही थी। उसी दौरान उसने नायलॉन की फ्रॉक पहन रखी थी, जिसने चंद ही सेकंड में आग पकड़ ली और आग तेजी से फैल गई।
जैसे ही बच्ची के पिता ने दरवाजा खोला, उन्होंने अपनी बेटी को आग में घिरा हुआ देखा। उन्होंने बिना देरी किए अपने हाथों से ही आग बुझाने की कोशिश की, जिससे उनके हाथ भी बुरी तरह झुलस गए।
यह घटना कल शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, लेकिन बच्ची को अस्पताल रात 10 बजे के आसपास ले जाया गया। देरी के कारण के बारे में बच्ची की मां ममता देवी ने बताया कि वह घरों में काम करती हैं और उनके पास इलाज के लिए तुरंत पैसे नहीं थे। बाद में उनकी मलकिन की मदद से बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार बच्ची करीब 60% तक झुलस चुकी है। फिलहाल उसे Ludhiana के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

